पौड़ी बस अड्डे के पास एक माह में नाली निर्माण के निर्देश
राष्ट्रीय राजमार्ग के निरीक्षण के दौरान जल निकासी, मलबा प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं में खामियों पर कड़ा रुख, समयबद्ध सुधार के दिए निर्देश
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, जल निकासी व्यवस्था, मलबा प्रबंधन एवं सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर पाई गई कमियों पर उन्होंने कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं पर्यावरणीय मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पौड़ी बस अड्डे के समीप श्रीनगर रोड की ओर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरसाती जल निकासी के लिए बनी नाली की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराज़गी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) को प्राथमिकता के आधार पर नाली निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित हो सके। इस दौरान सहायक अभियंता, लोनिवि (एनएच) ने अवगत कराया कि नाली निर्माण का कार्य एक माह के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद के सभासदों ने जिलाधिकारी को बताया कि बरसात के समय नाली जाम होने से पानी पौड़ी गांव की ओर बह जाता है, जिससे कुछ मकानों के आसपास भू-धंसाव जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को कार्य की नियमित निगरानी करते हुए प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

