18 Aug 2026, Tue

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत रानीखेत एवं द्वाराहाट विधानसभा में गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण

अल्मोड़ा, 26 जून

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत रानीखेत एवं द्वाराहाट विधानसभा में गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रानीखेत एवं द्वाराहाट में प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस उपलब्धि पर दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सभी सुपरवाइजरों, बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी ने समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण किया है। यह निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अद्यतन एवं शुद्ध बनाना है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रभावी ढंग से प्रयोग कर सके। इस कार्य में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और टीम भावना सराहनीय रही है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि यदि किसी मतदाता को निर्वाचन नामावली से संबंधित किसी प्रकार का संशोधन, नाम जोड़ने, हटाने अथवा अन्य जानकारी की आवश्यकता हो तो वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक कार्यवाही समय पर सुनिश्चित करें।

उन्होंने अपील की है कि जिन मतदाताओं द्वारा अभी भी गणना पत्र BLO को जमा नहीं किया गया है वे अपने गणना पत्र अपने BLO को जमा करें और मतदाता सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!