22 Jul 2026, Wed

कुम्भ मेला की तैयारी: कनखल के ऐतिहासिक झण्डा चौक का होगा कायाकल्प

स्थानीय हितधारकों के साथ झण्डा चौक सुधार की योजना पर बनी सहमति

हरिद्वार, 18 जुलाई 2026

आगामी कुम्भ मेले की तैयारियों के तहत धर्मनगरी हरिद्वार के पौराणिक क्षेत्र कनखल स्थित ऐतिहासिक झण्डा चौक का सुधार एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मेला प्रशासन ने इस महत्वाकांक्षी योजना का प्रारूप तैयार कर स्थानीय नागरिकों एवं हितधारकों के सुझावों के अनुरूप इसे शीघ्र धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में मेला प्रशासन के अधिकारियों एवं अभियंताओं की टीम ने शनिवार को झण्डा चौक का स्थलीय निरीक्षण किया और स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित योजना पर विस्तृत चर्चा की।

अधिकारियों ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य कनखल की धार्मिक पहचान तथा झण्डा चौक के महत्व व गरिमा के अनुरूप संवार कर यहां पर यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाना है। इसके लिए चौराहे का चौड़ीकरण, पैदल यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं तथा आधुनिक यातायात प्रबंधन के उपाय किए जाएंगे। साथ ही पूरे क्षेत्र का आकर्षक सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।

 

इस अवसर पर स्थानीय लोगों से प्राप्त सुझावों पर भी विस्तार से विचार किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ऐतिहासिक ध्वज स्तंभ को चौराहे के केंद्र में स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे बिजली के खंभों एवं अन्य छोटी संरचनाओं को हटाकर उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा।

अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को पूरे क्षेत्र के समग्र सौंदर्यीकरण तथा आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता के सहयोग और सुझावों के आधार पर इस योजना को शीघ्र क्रियान्वित किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!