10 Jun 2026, Wed
Breaking

पावनधाम आश्रम में गीता भवन ट्रस्ट सोसायटी ने लगाया “कैंसर जांच शिविर”, सात सितंबर तक होगी नि:शुल्क जांच

प्रदेश के पहले कैम्प में अत्याधुनिक मशीनों से कैंशर की जांच

चार दिवसीय कैंसर जांच शिविर का शुभारंभ

पावनधाम आश्रम में गीता भवन ट्रस्ट सोसायटी ने लगाया शिविर, सात सितंबर तक होगी निशुल्क जांच

हरिद्वार। पावन धाम आश्रम में गीता भवन ट्रस्ट सोसायटी ने अत्याधुनिक मशीनों से होने वाली कैंसर की जांच शिविर का आयोजन किया। चार दिवसीय प्रदेश के इस पहले कैम्प में निःशुल्क जांच अत्याधुनिक मशीनों से की जा रही है। पंजाब से आई टीम चार दिन तक मरीजों की निशुल्क जांच करेगी।

रविवार को पावन धाम की संचालक गीता भवन ट्रस्ट सोसायटी की ओर से शिविर उदघाटन समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, विशिष्ट अतिथि मेयर अनिता शर्मा, नगर विधायक मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान और पावन धाम प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने शिविर का शुभारंभ किया।

स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने बताया कि संस्था के संस्थापक स्वामी वेदांतानंद की स्मृति में गीता भवन ट्रस्ट सोसाइटी एवं पावन धाम प्रबंध समिति ने शिविर लगाया है। विश्व कैंसर केयर सेंटर एवं अमेरिकन कैंसर इंस्टीट्यूट की मदद से उपलब्ध कराने के लिए इंस्टिट्यूट के साथ अनुबंध किया गया है। शिविर में चार, पांच, छह और सात सितंबर तक कैंसर, शुगर, ब्लड प्रेशर एवं अन्य बीमारियों की जांच अत्याधुनिक तकनीक वाली मशीनों से पूरी तरह नि:शुल्क की जाएगी। पहले दिन 100 लोगों की जांच की गई है। जबकि डेढ़ महीने पहले ही पंजीकरण शुरू हो गए थे। पौने तीन सौ लोगों ने जांच के लिए पंजीकरण कराए थे। शिविर में भी पंजीकरण किए जा रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। कहा कि आर्थिक अभाव में लोग कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों की जांच नहीं करा पाते हैं। लेकिन शिविर में करोड़ो रूपये की अत्याधुनिक तकनीक वाली मशीनों से निःशुल्क जांच करा सकते हैं। ट्रस्ट की ओर से शिविर की शुरुआत करना बेहद ही सराहनीय कार्य है।

देखें वीडियो

https://youtu.be/XRK8Dh6A93I

महामंत्री एडवोकेट सुनील गर्ग ने बताया कि शिविर में डॉ धर्मेंद्र ढिल्लो, डॉ गुलशन, डॉ नवनीत, डॉ मनी, डॉ विपिन, डॉ सिमर, डॉ पूजा माही आदि ने महिलाओं व पुरुषों के कैंसर की जांच, महिलाओं के छाती के कैंसर की जांच के लिए मैमोग्राफी टेस्ट, महिलाओं की बच्चेदानी की कैंसर की जांच, पुरुषों के गदूद के कैंसर की जांच के लिए पीएसए टेस्ट, महिलाओं व पुरुषों के मुंह के कैंसर की जांच, हड्डियों के कैंसर टेस्ट, ईसीजी टेस्ट, शुगर व ब्लड प्रेशर की जांच की। चार दिन तक शिविर में जांच की जाएगी। इस अवसर पर स्वामी वेदांत प्रकाश महंत, स्वामी हरिवल्लभ दास शास्त्री, अंशुल श्रीकुंज, रविंद्र सूद, डॉ. भरत अग्रवाल, सुरेंद्र गोयल, पवन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!