22 Jul 2026, Wed

आगामी कांवड़ मेले को सुव्यवस्थित, सुगम एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पार्किंग स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण

पंतद्वीप पार्किंग में गंदगी एवं अतिक्रमण मिलने पर संबंधित कांट्रेक्टर पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश

अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाने तथा 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को सुगम, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को शहर क्षेत्र के प्रमुख पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैरागी कैंप, दक्ष द्वीप एवं पंतद्वीप पार्किंग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थलों पर सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, हाई मास्ट लाइट, शौचालयों की उपलब्धता तथा पर्याप्त पेयजल व्यवस्था को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी मूलभूत सुविधाएं निर्धारित समय से पूर्व उपलब्ध करा दी जाएं।

जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देशित किया कि बैरागी कैंप के सभी सेक्टरों में पर्याप्त संख्या में शौचालय स्थापित किए जाएं तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे आने वाले शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने पंतद्वीप पार्किंग के निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने तथा निर्धारित सीमा से अधिक दुकानें लगाकर अतिक्रमण किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने संबंधित कांट्रेक्टर पर समुचित सफाई व्यवस्था न रखने पर ₹50,000 तथा आवंटित दुकानों से अधिक संख्या में दुकानें लगाकर अतिक्रमण करने पर ₹50,000, कुल ₹1 लाख का जुर्माना लगाए जाने के लिए अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग स्थल पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने उप राजस्व अधिकारी, सिंचाई विभाग को समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित न करने तथा आवंटित संख्या से अधिक दुकानें लगाए जाने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!