21 Aug 2026, Fri

कुंभ मेला तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी ने किया शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण

कुंभ की तैयारियों में सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं पर जोर, झंडा चौक के सुधार, चंडी चौक के सौंदर्यीकरण और नंदी प्रतिमा की स्थापना की योजना

हरिद्वार, 20 अगस्त

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने और निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने गुरुवार को कुंभ नगरी के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने कनखल, देवपुरा, ऋषिकुल और चंडी चौक सहित अनेक स्थानों पर चल रहे एवं प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दृष्टिगत शहर की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित, सुविधाजनक और आकर्षक बनाने के लिए सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

मेलाधिकारी ने कनखल स्थित चौक बाजार का भ्रमण कर ऐतिहासिक झंडा चौक के सुधार एवं सौंदर्यीकरण को लेकर प्रस्तावित कार्यों के संबंध में अधिकारियों और स्थानीय लोगों से विचार विमर्श किया। उन्होंने अधिकारियों को इस योजना के कार्य अविलंब शुरू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने झंडा चौक के ऐतिहासिक स्वरूप को ध्यान में रखते हुए इसके समुचित सुधार के साथ ही क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने एचआरडीए के अधिकारियों को कनखल क्षेत्र में सौंदर्यीकरण तथा भवनों के फसाड सुधार के कार्य भी प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।

 

झंडा चौक क्षेत्र में रेलिंग एवं प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इस महत्वपूर्ण क्षेत्र को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए सभी आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरे किए जाएं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!