मेलाधिकारी सोनिका ने निर्माण कार्यों की समीक्षा कर तय समय में परियोजनाएं पूरी करने के दिए निर्देश
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेला प्रशासन ने अवस्थापना विकास से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं के निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा कराने की मुहिम तेज कर दी है।
मेलाधिकारी, सोनिका ने मंगलवार को सीसीआर सभागार में कुंभ मेला के निर्माण कार्यों और विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजनावार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला के लिए स्वीकृत सभी परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए। जिन परियोजनाओं में अतिरिक्त मानवशक्ति, मशीनरी अथवा अन्य संसाधनों की आवश्यकता है, वहां तत्काल संसाधन बढ़ाए जाएं।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर दिन-रात कार्य कराकर उन्हें समय से पूरा कराया जाए, ताकि आगामी कुंभ मेला में श्रद्धालुओं को इन परियोजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
उन्होंने सड़कों, पुलों, घाटों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना की प्रगति की नियमित और गहन निगरानी की जाए।

प्रतिदिन की कार्य प्रगति का विवरण फोटोग्राफ्स सहित उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना में विलंब नहीं होना चाहिए और यदि किसी कार्य में तकनीकी अथवा प्रशासनिक स्तर पर कोई समस्या आ रही है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए।
मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। सड़कों एवं घाटों के आस-पास से अतिक्रमण को अविलंब हटाया जाय। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुगम्यता और सुविधाजनक आवागमन का पूरा ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायं।
मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों का समान रूप से ध्यान रखा जाए। गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। सभी निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों, सुरक्षा प्रावधानों और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मेला प्रशासन, तकनीकी सेल तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता नियंत्रण के लिए थर्ड पार्टी जांच की प्रक्रिया भी समयबद्ध रूप से पूरी कराई जाए।
उन्होंने सभी निर्माण परियोजनाओं में निर्धारित कलर कोड का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही पौधरोपण, हरित क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों को भी निर्माण परियोजनाओं का अभिन्न हिस्सा मानते हुए प्राथमिकता के साथ पूरा कराने को कहा। उन्होंने कहा कि कुंभ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवस्थापना श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ-साथ हरिद्वार की सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन को भी ध्यान में रखकर तैयार की जाए।

