हरिद्वार
*जिला योजना के अंतर्गत विकास कार्यों के लिए स्वीकृत धनराशि का शत-प्रतिशत व्यय करने के दिए निर्देश*
*यूकेजीईएमएस पोर्टल पर सभी विभाग अपनी परिसंपत्तियों का विवरण शीघ्र अपलोड करें*
*मुख्यमंत्री घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए*

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं,जिला योजना के अंतर्गत विकास कार्यों तथा मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं के कार्य निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी विकास कार्यों की धनराशि का शत-प्रतिशत व्यय समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए। जिन विभागों में कार्यों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वे तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्यों में तेजी लाएं। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति की अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा जनपद के लिए की गई घोषणाओं की विभागवार समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर कार्यों को धरातल पर पूर्ण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि उत्तराखंड यूकेगेम्स पोर्टल पर सभी विभागीय अपनी अपनी वि विभागीय परिसंपत्तियों का विवरण शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद की परिसंपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना आवश्यक है,इसलिए सभी विभाग निर्धारित प्रारूप में समय पर सूचना उपलब्ध कराएं।

