25 Sep 2026, Fri

कुंभ क्षेत्र की सड़कों एवं पुलों से जुड़े सभी कार्य समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं : सचिव लोनिवि

 

कुंभ मेला से पहले राष्ट्रीय राजमार्गों की परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश

सड़कों के निर्माण एवं रखरखाव में तेजी लाने के साथ पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखें : पंकज कुमार पाण्डेय

हरिद्वार। सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय ने आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत सड़कों एवं पुलों के निर्माण एवं रखरखाव से जुड़े कार्यों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को हरिद्वार में संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक की।

उन्होंने बैठक में कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही अनेक सड़कों एवं निर्माणाधीन पुलों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। सचिव ने सभी संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को सड़कों एवं पुलों से जुड़े कार्यों को हर हाल में निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कही कि कार्यों में गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाय ।

सीसीआर सभागार में आयोजित बैठक में सचिव लोनिवि डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने कुंभ मेला-2027 के लिए महत्वपूर्ण सड़कों एवं पुलों के निर्माण, अनुरक्षण तथा सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने के अभियान की प्रगति की समीक्षा की।

सचिव लोनिवि ने कहा कि कुंभ मेला हरिद्वार की पहचान और प्रतिष्ठा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके दृष्टिगत हरिद्वार तक आने वाले प्रमुख मार्गों के साथ ही हरिद्वार एवं रुड़की नगर की आंतरिक सड़कों तथा पुलों को सुदृढ़, सुव्यवस्थित और आवागमन के लिए सुगम बनाया जाना आवश्यक है।

उन्होंने सड़कों के निर्माण एवं रखरखाव से जुड़ी सभी कार्यदायी संस्थाओं को दिन-रात कार्य करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यस्थलों पर निर्माण सामग्री, श्रमिक एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि संसाधनों के अभाव में कार्य प्रभावित न हो।

उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करना सभी संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सचिव ने सभी संबंधित एजेंसियों को कार्यों की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी और आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण भी किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की निगरानी के साथ-साथ सामने आने वाली समस्याओं एवं बाधाओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सचिव लोनिवि ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को कुंभ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित परियोजनाओं को 15 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने हरिद्वार बाईपास, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर तथा एनएच-74 के हरिद्वार-नगीना सेक्शन में चल रहे कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला के दौरान ये मार्ग यातायात की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होंगे, इसलिए इनका कार्य मेला शुरू होने से पहले पूरा किया जाना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!