24 Oct 2026, Sat

मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और हरिद्वार बाईपास सहित विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण

कुंभ से पहले हरिद्वार बाईपास चालू करने और एनएच-74 के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मेला क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवस्थापना विकास के स्थायी कार्य प्रगति पर हैं। इनके साथ ही अब मेला प्रशासन ने शिविरों की स्थापना और उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ अस्थायी बस अड्डों, पार्किंग स्थलों तथा संपर्क मार्गों को तैयार करने की गति भी तेज कर दी है।

विभिन्न सेक्टरों में शिविरों के लिए निर्धारित मेला भूमि की साफ-सफाई एवं समतलीकरण के साथ ही सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य जन-सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे मेला भूमि पर स्थापित होने वाले कुंभ शिविरों से जुड़ी अस्थायी व्यवस्थाएं आकार लेने लगी हैं।

कुंभ क्षेत्र और शिविरों तक सुगम एवं सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सड़कों को दुरुस्त करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी परियोजनाओं को समय से पूरा कराने के लिए मेला प्रशासन एनएचएआई के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए है।

इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, हरिद्वार बाईपास और राष्ट्रीय राजमार्ग-74 के विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही शिविर स्थलों, अस्थायी पार्किंग और बस अड्डों पर जन-सुविधाओं, सुरक्षा तथा आवागमन के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप एवं दक्षद्वीप क्षेत्र में शिविरों की स्थापना के लिए चल रहे ड्रेसिंग-लेवलिंग कार्यों, अस्थायी सड़कों के निर्माण तथा बिजली और पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों के लिए निर्धारित भूमि को समय से तैयार करने के साथ वहां आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएं, ताकि कुंभ के दौरान व्यवस्थाओं के संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!