25 Aug 2026, Tue

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन का एक्शन जारी

खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 21 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए

देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद देहरादून में मिलावटी एवं दूषित खाद्य सामग्री के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर मंगलवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त टीमों द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों एवं डेयरी/मिष्ठान दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा एवं उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र देहरादून के चकराता रोड एवं घंटाघर क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बीकानेरवाला से मावा, रबड़ी एवं केसर पेड़ा, मक्खन, हल्दीराम से सफेद रसगुल्ला, स्वीट लस्सी एवं प्लेन बर्फी तथा कुमार स्वीट शॉप से काजू बर्फी एवं कलाकन्द सहित कुल 09 नमूने जांच हेतु लिए गए।

इसी प्रकार उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में विकासनगर क्षेत्र में विभिन्न डेयरी एवं मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा संदेह के आधार पर डेयरी से खुला पनीर एवं मावा के 02-02 नमूने, बेसन बर्फी एवं मिल्क केक के 02-02 नमूने तथा कलाकन्द के 02 नमूने, कुल 09 नमूने जांच के लिए लिए गए।

मसूरी क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान चाय, बेसन खुला एवं पनीर सहित 03 नमूने लिए गए। इस प्रकार जनपद में आज की कार्रवाई के दौरान कुल 21 खाद्य नमूने जांच हेतु संकलित किए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान विकासनगर क्षेत्र में एक दुकान पर लगभग 03 किलोग्राम बासी एवं अत्यधिक कलरयुक्त लड्डू पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!