13 May 2026, Wed
Breaking

कुंभ 2027 की तैयारियां: कुंभ नगरी को सजाने-संवारने की कवायद तेज

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने अनेक क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर तैयारियों को परखा

कुंभ क्षेत्र में सौंदर्यीकरण के साथ ही सुगमता, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

हरिद्वार, 01 मई 2026

हरिद्वार में अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने कुंभ नगरी को सजाने-संवारने की मुहिम तेज कर दी है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने इस मुहिम के तहत शुक्रवार को दिन भर अनेक क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर कुंभ मेले से संबंधित तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया।

भ्रमण के दौरान मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावित कार्यों को समयबद्ध ढंग से धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ क्षेत्र में सौंदर्यीकरण के साथ-साथ सुगमता, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्र के व्यापारियों एवं अन्य हितधारकों से बातचीत कर उनके सुझाव भी लिए।

इस दौरान मेलाधिकारी ने बुद्ध पूर्णिमा स्नान के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं से भी संवाद किया, उन्हें आगामी कुंभ मेले का आमंत्रण दिया तथा व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

शुक्रवार दोपहर मेलाधिकारी ने तुलसी चौक,रेलवे स्टेशन, अपर रोड और हरकी पैड़ी क्षेत्र का पैदल निरीक्षण कर वहां चल रहे और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सीवरेज लाइन निर्माण एवं सड़कों के अनुरक्षण से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कुंभ मेले के अंतर्गत इस क्षेत्र की आंतरिक सड़कों और गलियों का भी सुधार किया जाएगा।

व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कुंभ नगरी को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण के साथ भवनों के अग्रभाग (फसाड) को भी संवारा जाएगा।

मेलाधिकारी ने मनसा देवी पैदल मार्ग एवं मंदिर परिसर का निरीक्षण कर स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पैदल मार्ग पर सुरक्षा और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने बताया कि मनसा देवी मंदिर परिसर का भी कुंभ मेले के तहत सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

मेलाधिकारी ने हरकी पैड़ी क्षेत्र के घाटों और पुलों सहित भीमगोडा पुल, हाथी पुल, ललतारौ पुल, बाल्मीकि चौक, निरंजनी अखाड़ा मार्ग एवं आसपास के घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने इन स्थानों पर बेहतर अनुरक्षण के निर्देश देते हुए कहा कि कुंभ मेले के लिए हरिद्वार के हेरिटेज मार्गों तथा साधु-संतों की पेशवाई और अमृत स्नान मार्गों को विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है।

बाईट : मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका

मेलाधिकारी ने विभिन्न स्थानों पर जनसुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए और कहा कि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस दौरान हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव श्री मनीष कुमार एवं परियोजना क्रियान्वयन इकाई के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!