4 Oct 2026, Sun

रुड़की में पनीर निर्माण इकाई पर छापा, 2 क्विंटल नकली पनीर नष्ट

हरिद्वार 04 अक्टूबर

खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुपालन में कल दिनांक 03 अक्टूबर 2026 की रात्रि को, उपायुक्त गढ़वाल मण्डल आर० एस० रावत के नेतृत्व में सहायक आयुक्त हरिद्वार महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन व पवन कुमार तथा एस० पी० (देहात) अभय प्रताप सिंह के सहयोग से उपलब्ध कराये वाले पुलिस बल के साथ रुड़की ब्लॉक के नन्हेड़ा अनेतपुर स्थित पनीर निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया।

छापेमार कार्यवाही में पनीर निर्माता- आजाद पुत्र ईसाक द्वारा, उत्तराखण्ड सरकार द्वारा प्रतिबंधित किये गये एनालाग पनीर का निर्माण, संग्रह एवं विक्रय करते पाया। मौके पर पनीर निर्माण स्थल पर लगभग 02 टीनों में 20 किलो पामोलीन ऑयल तथा 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद किया गया।

पूछने पर पनीर निर्माता ने स्वयं स्वीकार किया कि वह पामोलीन ऑयल तथा स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर का निर्माण करता है तथा बाजार में 240 रुपये प्रति किलो की दर से पनीर बेचता है। मौके पर लगभग 2 क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर तथा 20 किलो पामोलीन ऑयल को नष्ट कराया गया तथा स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज करके जब्त किया गया।

मौके पर प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ – एनालाग पनीर के निर्माण के कारण उक्त पनीर निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है तथा पनीर निर्माता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत लीगल कार्यवाही शुरू कर दी गयी है।

मौके पर खुला पनीर, खुला पामोलीन ऑयल तथा स्किम्ड मिल्क पाउडर (Skimmed Milk Powder) के 03 विधिक नमूने लेकर राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!