27 Jun 2026, Sat
Breaking

मेरगांव में आयोजित हुआ वृहद बहुउद्देशीय एवं विधिक जागरूकता शिविर, 629 लोग हुए लाभान्वित

अल्मोड़ा, 31 मई 2026

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण उत्तराखंड के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को विकासखंड लमगड़ा के राजकीय इंटर कॉलेज मेरगांव में वृहद बहुउद्देशीय एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विधिक अधिकारों तथा कानूनों की जानकारी आमजन को प्रदान की गई। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी मौके पर ही पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराया गया। शिविर के माध्यम से कुल 629 लोगों को विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों से लाभान्वित किया गया।

मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने कहा कि राज्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य केवल कानूनों की ही जानकारी देना नहीं है, बल्कि आम नागरिक और न्याय व्यवस्था के बीच की दूरी को कम करना भी है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे तथा प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बने, इसी भावना के साथ विधिक सेवा प्राधिकरण कार्य कर रहा है।

जिला न्यायाधीश श्रीकांत पांडे ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में ऐसे शिविरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप कुमार मणि ने प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को अधिकाधिक पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से भी शिविरों का लाभ उठाने तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने इंटर कॉलेज मेरगांव का निरीक्षण भी किया तथा बाउंड्री वाल और रास्ता सुधारीकरण के लिए अधिकारियों। को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

शिविर के दौरान 200 छड़ियां, 100 कान की मशीन, 25 कम्बल, 50 प्यूरीफायर, 3 महालक्ष्मी किट, 100 नोटबुक, 3 व्हीलचेयर का वितरण किया गया। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

इसके अतिरिक्त स्कूली बच्चों एवं सूचना विभाग से पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।

इंटर कॉलेज मेरगांव के प्रांगण में पदाधिकारियों ने पौधारोपण भी किया तथा सभी से पर्यावरण संरक्षण का आव्हान किया। जंगलों की आग पर अंकुश लगाने तथा शुष्क मौसम में जंगलों और खेतों में कूड़ा, फसल अवशेष तथा खरपतवार न जलने की अपील भी की गई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप धौलाखंडी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद पांगती, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र मेहता सहित बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही। कार्यक्रम का संचालन न्यायिक मजिस्ट्रेट रानीखेत सोनम रावत द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!