चोरी के 32 लोहे के पाइप काटकर कबाड़ में छिपाए, साक्ष्य मिटाने का किया प्रयास
टिहरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल, श्वेता चौबे के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना नरेंद्रनगर पुलिस ने चोरी का माल खरीदकर उसे काटकर छिपाने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 17.07.2026 को जयराज सिंह खण्डका, निवासी ग्राम साबली, कोतवाली चंबा की तहरीर पर गजा-चंबा मोटर मार्ग स्थित पंपिंग योजना से 32 लोहे के पानी के पाइप चोरी होने के संबंध में थाना नरेंद्रनगर में मुकदमा पंजीकृत किया गया।

श्वेता चौबे, एसएसपी टिहरी गढ़वाल
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं सुरागरसी-पतारसी के आधार पर 15 जुलाई 2026 को सहवान एवं उस्मान को गिरफ्तार कर चोरी किए गए पाइप बरामद किए थे। दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
विवेचना के दौरान पता चला कि चोरी के पाइप राजकुमार पुत्र स्व. अर्जुन दास, संचालक महादेव एंटरप्राइजेज, बहादराबाद (हरिद्वार) को बेचे गए थे। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने पाइपों को टुकड़ों में काटकर अन्य कबाड़ के नीचे छिपा दिया था ताकि पुलिस कार्रवाई से बच सके।

