5 Jun 2026, Fri

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में “एक्सपोर्ट कॉन्क्लेव-2026” का आयोजन

निर्यात बढ़ाने हेतु एआई , ई-कॉमर्स एवं भविष्य उन्मुख उत्पादों में निवेश पर विशेष जोर

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन्स एवं डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड के संयुक्त तत्वावधान में “एक्सपोर्ट कॉन्क्लेव-हरिद्वार” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के निर्यातकों, उद्योगपतियों, एमएसएमई प्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जनपद में निर्यात की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें सशक्त रणनीति एवं नवाचार के माध्यम से और अधिक विकसित किया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से भविष्य के उत्पादों में निवेश की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वैल्यू एडेड एग्रीकल्चर, आयुर्वेद एवं वेलनेस उत्पाद, सोलर प्रोडक्ट्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, प्रोसेस्ड फूड, हैंडीक्राफ्ट्स एवं टेक्सटाइल्स जैसे क्षेत्रों में निर्यात को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डिजिटल तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देते हुए कहा कि निर्यातक एआई के माध्यम से बाजार विश्लेषण, मांग पूर्वानुमान (डिमांड फॉरकास्टिंग ), गुणवत्ता नियंत्रण एवं सप्लाई चेन प्रबंधन को अधिक प्रभावी बना सकते हैं। साथ ही ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के जरिए वैश्विक बाजार तक पहुंच को आसान बनाया जा सकता है। उन्होंने निर्यातकों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान हेतु पूर्णतः तत्पर है।

इस दौरान एफआईईओ के डीडीजी आशीष जैन द्वारा भारत के निर्यात को बढ़ावा देने में एफआईईओ की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। तत्पश्चात डीजीएफटी के भारत भूषण द्वारा केंद्र सरकार की निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं एवं हाल ही में हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। उप निर्देशक मनीषा झा द्वारा अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में ईसीजीसी, अमेज़न ग्लोबल सेलिंग, एमएसएमई विभाग एवं कैनरा बैंक के विशेषज्ञों द्वारा निर्यात से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, वित्तीय सहायता, विदेशी मुद्रा सेवाओं एवं ई-कॉमर्स के माध्यम से निर्यात बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी, जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना,मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, एलडीएम दिनेश गुप्ता सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, विभिन्न औद्योगिक संगठनों,चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में निर्यातक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!