25 May 2026, Mon

एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता

एटीएम फ्रॉड गिरोह का कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने किया पर्दाफाश

17 नकली/संदिग्ध एटीएम कार्ड व घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ 02 शातिर धर दबोचे

एटीएम बूथों के आसपास रेकी कर बुजुर्गों, महिलाओं व कम पढ़े-लिखे लोगों को बनाते थे निशाना

बहादराबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में बढ़ रही एटीएम ठगी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद को क्षेत्र में एटीएम फ्रॉड से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए गए थे।

निर्देशों के अनुपालन में बहादराबाद पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन कर बैंक एवं एटीएम बूथों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी शुरू की गई। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सक्रिय एटीएम ठग गिरोह की तलाश हेतु अभियान चलाया जा रहा था।

दिनांक 08.05.2026 को उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज मय पुलिस टीम के साथ SBI एटीएम बूथ, बहादराबाद पीपल चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक बाइक मोड़कर पुराना पथरी पावर हाउस की ओर भागने लगे।

संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों का पीछा किया। भागने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिसके बाद दोनों युवक झाड़ियों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।

 

नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी हरिद्वार

पूछताछ में चालक युवक ने अपना नाम शिवा उर्फ शिव पुत्र राजेश निवासी फेरुपुरमहाराणा प्रताप कॉलोनी, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार, उम्र 32 वर्ष बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक सैमसंग A15 मोबाइल, ₹200 नकद, एक पर्स तथा विभिन्न बैंकों के कुल 10 एटीएम कार्ड बरामद हुए।

दूसरे युवक ने अपना नाम मधुसूदन उर्फ मनोज पुत्र चरण सिंह निवासी गढ़मीरपुर, थाना रानीपुर, जनपद हरिद्वार, उम्र 28 वर्ष बताया। उसकी तलाशी में एक वन प्लस मोबाइल, ₹700 नकद, पर्स तथा 07 एटीएम कार्ड बरामद हुए।

बरामद एटीएम कर्डों के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी एटीएम बदलकर ठगी करने के मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम बूथों में बुजुर्ग, महिला एवं कम पढ़े-लिखे लोगों की मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लेते थे और बाद में दूसरे एटीएम से उनके खातों से पैसे निकालकर ठगी करते थे।

आरोपी घटना के समय भी किसी भोले-भाले व्यक्ति को निशाना बनाने की फिराक में एटीएम बूथ के आसपास घूम रहे थे, लेकिन बहादराबाद पुलिस की सतर्कता के चलते पकड़े गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!