10 Jun 2026, Wed
Breaking

कॉफी विद डीएम…कार्यक्रम में मेधावी छात्राओं का सम्मान, करियर मार्गदर्शन पर विशेष जोर

बागेश्वर। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद, वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट परीक्षा में ब्लॉक स्तर पर शीर्ष 10 में स्थान प्राप्त करने वाली होनहार छात्राओं के सम्मान एवं प्रोत्साहन हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में “कॉफी विद डीएम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने छात्राओं के साथ संवाद करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं करियर चयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ चुकी है, ऐसे में विद्यार्थियों को टीम भावना के साथ अध्ययन करते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा अपनानी चाहिए। जिस भी क्षेत्र में आप करियर बनाना चाहते हैं, उसकी तैयारी अभी से प्रारंभ करें तथा श्रेष्ठ संस्थानों का चयन कर लक्ष्य प्राप्ति हेतु समर्पण एवं निरंतर मेहनत करें।

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों को समय पर विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं के आवेदन की जानकारी देने को कहा। साथ ही उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं के लिए “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा हेतु विभिन्न प्रावधान उपलब्ध हैं।

मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला समय उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दौर है, अतः इसका सदुपयोग करते हुए अपने भविष्य को सुदृढ़ बनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यमों से भी करियर संबंधी जानकारी प्राप्त करने को कहा।

कार्यक्रम का आयोजन महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को प्रेरणादायक संवाद के जरिए आगे की शिक्षा एवं करियर निर्माण के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर “मेधावी बेटियों का सम्मान, जनपद का बढ़ता मान” संदेश को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, डीपीओ मंजूलता, खंड शिक्षा अधिकारी , शिक्षकगण एवं छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!