2 Oct 2026, Fri

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जनपद में आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम

अल्मोड़ा, 02 अक्टूबर

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजन गाए गए तथा दोनों महापुरुषों के जीवन, आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का स्मरण किया गया।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के उनके आदर्श आज भी समाज को दिशा देते हैं। उन्होंने इन आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाते हुए पूरी ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।

अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दोनों महापुरुषों के जीवन को त्याग, अनुशासन एवं देशसेवा की प्रेरणा बताया।

इससे पूर्व प्रातः नगर में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जनपद के अन्य विभागीय कार्यालयों में भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया गया तथा उनके जीवन एवं आदर्शों का स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उप-जिलाधिकारी संजय कुमार, उप-जिलाधिकारी जसमीत कौर, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र रावत सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!