2 Oct 2026, Fri

विभिन्न क्षेत्रों की 24 प्रतिभाओं को मिला ‘देवभूमि माटी गौरव सम्मान–2026’

लोक संस्कृति और गढ़वाली कविताओं के संरक्षण-संवर्धन के लिए डॉ. ममता कुंवर सम्मानित

देहरादून। संस्कृति जागरण मंच, उत्तराखंड प्रान्त की ओर से संस्कृति विभाग के सहयोग से हरिद्वार बाईपास स्थित संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में ‘देवभूमि माटी गौरव सम्मान–2026’ समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में साहित्य, संस्कृति, लोकगायन, संगीत, अभिनय, स्वास्थ्य सेवा, महिला उद्यमिता, पत्रकारिता, समाजसेवा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 24 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी तथा विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकभाषाओं और परंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

समारोह में साहित्यकार, कवयित्री एवं शिक्षाविद् डॉ. ममता कुंवर को उत्तराखंड की लोक संस्कृति और गढ़वाली कविताओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ‘देवभूमि माटी गौरव सम्मान–2026’ से सम्मानित किया गया। डॉ. कुंवर लंबे समय से साहित्य, लोकभाषा और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी हुई हैं तथा अपनी रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से पहाड़ की संस्कृति और लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास कर रही हैं।

सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. ममता कुंवर ने संस्कृति जागरण मंच का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी माटी, अपनी भाषा और अपनी संस्कृति के लिए कार्य करना उनके लिए गौरव के साथ एक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा, “यह सम्मान मुझे अपनी लोक संस्कृति और गढ़वाली भाषा-साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करते रहने की प्रेरणा देगा।”

संस्कृति जागरण मंच, उत्तराखंड प्रान्त के अध्यक्ष ज्योति प्रकाश पंत ने सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड की संस्कृति और समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोगों का मनोबल बढ़ाते हैं और उनके कार्यों को व्यापक पहचान प्रदान करते हैं। समारोह में दीपक केंतुरा, विजय पंत सहित संस्कृति जागरण मंच के पदाधिकारी, आयोजक मंडल के सदस्य तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ो गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!